भारत में Vodafone Idea के कितने कर्मचारियों को निकाला जाएगा, इसके बारे में अभी कंपनी की ओर से अधिकारिक रूप से कोई संख्या नहीं बताई गई है। कंपनी का कुल एम्प्लोयी बेस 1 लाख 4 हजार के करीब बताया जाता है। इसमें से कंपनी 50 फीसदी तक कॉस्ट कटिंग की बात कर रही है। इससे पहले पिछले साल यानि 2022 के अंत में कई दिग्गज कंपनियां छंटनी की घोषणा कर चुकी हैं।
Amazon ने हाल ही में 18 हजार कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी। इससे पहले कंपनी ने 10 हजार कर्मचारियों को निकालने की बात कही थी। बाद में ये संख्या बढ़ाकर 18 हजार कर दी गई थी। Walmart Inc के बाद यह अमेरिका की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है जिसके कुल कर्मचारियों की संख्या 15 लाख से कुछ ज्यादा है। इसमें वेयरहाउस स्टाफ भी शामिल है। कंपनी ने कम ग्रोथ का हवाला दिया है। जिसके बारे में इसने कहा था कि बढ़ती महंगाई के चलते कन्ज्यूमर्स ने खर्चे को कम करना शुरू कर दिया है।
Snapchat की पैरेंट कंपनी Snap में छंटनी की बात अगस्त 2022 में ही सामने आ गई थी। कंपनी ने लगभग 1250 वर्कफोर्स को घटाने की बात कही थी। साउथ ईस्ट एशिया की सबसे बड़ी इंटरनेट कंपनी सी लिमिटेड (Sea Ltd) ने बीते 6 माह में 7 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को हटा दिया है।
हार्डड्राइव बनाने वाली सीगेट (Seagate Technology) कह चुकी है कि वह लगभग 3,000 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी कर रही है, जो कंपनी की कुल वर्कफोर्स का 8 फीसदी हैं। इस तरह से विश्व भर में बड़ी कंपनियां अपने वर्कफोर्स को घटा रही हैं जिसमें अब वोडाफोन आइडिया भी शामिल हो गई है।